नगर निगम को छोड़कर नगर परिषदों और नगर पंचायतों के इसी दिन शाम को नतीजे आ जाएंगे। नगर निगम के परिणाम 31 मई को आएंगे। चुनाव के लिए 589 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान केंद्र में एक-एक पुलिस कर्मी और होमगार्ड जवान तैनात रहेंगे। राज्य चुनाव आयोग शनिवार को पोलिंग पार्टियों को आखिरी प्रशिक्षण देकर ईवीएम के साथ रवाना करेगा। 16 मई को मतदान केंद्र स्थापित कर दिए जाएंगे।
नगर निकाय चुनावों में अनुसूचित जाति के लिए 89, अनुसूचित जनजाति के लिए 12 और महिलाओं के लिए 195 पद आरक्षित हैं। 51 शहरी निकायों में 3,60,859 कुल मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें पुरुष मतदाता 1,80,963 और महिला मतदाताओं की संख्या 1,79,882 है। 14 अन्य मतदाता भी मतदान करेंगे।
नगर निकाय चुनाव में कांगड़ा में सबसे अधिक 218 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके बाद मंडी में 180, शिमला में 123, सोलन में 121 और ऊना में 118 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। बिलासपुर में 87, चंबा में 72, हमीरपुर में 44, सिरमौर में 84 और कुल्लू में 100 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।