10 दिन बाद भाखड़ा नहर में मिला हरदीप का शव।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
ऊना शहर के साथ लगते अपर अरनियाला गांव निवासी हरदीप उर्फ जिया उम्र 19 साल का शव 10 दिन बाद नंगल के निकटवर्ती गांव सूरेवाल के निकट भाखड़ा नहर से बरामद हुआ है। हरदीप के शव को तलाशने के लिए बीते दो दिनों से नहर में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा था।
मंगलवार सुबह गोताखोर कमलप्रीत सैनी की टीम को ग्रामीणों ने जानकारी दी कि एक शव पानी के साथ बहता हुआ जा रहा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कमलप्रीत सैनी की टीम ने नहर के बीचों बीच पानी के साथ बह रहे शव किनारे लाकर बांध दिया। मौके पर उपस्थित पुलिस जवानों ने इसकी जानकारी अपने उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद थाना सदर ऊना के प्रभारी इंस्पेक्टर गौरव भारद्वाज मौके पर पहुंचे और शव को शिनाख्त के बाद उन्हें सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना सदर ऊना के प्रभारी गौरव भारद्वाज ने कहा कि हरदीप के पहने कपड़े और उसके कंधे पर दराट से किए हमले के बाद बने जख्मों से उसकी पहचान परिवार ने भी कर ली है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के सुपुर्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले की गहनता से जांच की जा रही और आरोपियों के तीन दिनों के और पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।