हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला
- फोटो : संवाद न्यूज एंजेसी
हिमाचल में जमा दो कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा रद्द कर दी गई है। अब शनिवार को बारहवीं का अंग्रेजी का पेपर नहीं होगा। शुक्रवार को चंबा जिले के चुवाड़ी में दसवीं कक्षा के स्थान पर 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्रों का बंडल खोल दिया था। मामला पता चलने के बाद शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा रद्द कर दी है। अंग्रेजी के पेपर की अगली तिथि बोर्ड जल्द जारी करेगा।
शिक्षा बोर्ड को ई-मेल के माध्यम से एक शिकायत मिली कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चुवाड़ी में आठ मार्च को होने वाली अंग्रेजी विषय की परीक्षा के प्रश्नपत्र खोले गए। शिकायत मिलने के बाद बोर्ड प्रबंधन ने एग्जाम मित्र मोबाइल एप पर अपलोड किए गए वीडियो को जब देखा तो इसमें पाया गया कि संबंधित स्कूल में निर्धारित शेड्यूल से पहले ही 12वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्र का बंडल खोला। इसके बाद बोर्ड ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 12वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा को रद्द कर दिया है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मामले की जांच के लिए टीम गठित कर चंबा भेजी है। टीम पता लगाएगी कि आठ मार्च को होने वाली 12वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र कैसे निर्धारित समय से पहले खुल गया। यह भी जांच की जाएगी कि प्रश्नपत्र का बंडल खुलने के बाद इसे कहीं सर्कुलेट तो नहीं किया गया है। शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि बारहवीं की अंग्रेजी परीक्षा का रद्द करने की पुष्टि करते हुए बताया कि जल्द ही परीक्षा की अगली तिथि जारी की जाएगी।