पुलिस कर्मियों को चकमा देकर एक विचाराधीन कैदी फरार हो गया। कैदी के फरार होने की भनक लगते ही जिला कारागार के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट की ओर से पुलिस में विचाराधीन कैदी के फरार होने को लेकर शिकायत दे दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस विभाग ने फरार कैदी की धर-पकड़ करने के लिए जगह-जगह नाकेबंदी करने के साथ-साथ पुलिस चौकियों और थानों में भी सूचना दे दी है।
जिला कारागार राजपुरा में नाबालिग को भगाने के मामले में विचाराधीन कैदी 36 वर्षीय इब्राहिम निवासी गाडरी डाकघर बरौर जिला चंबा को अन्य कैदियों संग साफ-सफाई करने के लिए कारागार से बाहर लाए गए थे। मंगलवार दोपहर बाद साढ़े तीन बजे मौका पाकर इब्राहिम तैनात जवानों की आंखों में धूल झोंक कर मौके से फरार हो गया। कैदियों की गणना करने पर एक कैदी कम होने की भनक लगते ही तैनात पुलिस जवानों के पांव तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत जेल के उप अधीक्षक को इस बारे सूचित किया। जिसके बाद जिला कारागार की पुलिस भागे कैदी की तलाश में जुट गई। उप अधीक्षक ने तुरंत कैदी भागने की सूचना पुलिस में दी। इसके बाद कैदी को तलाशने में पुलिस की टीमें विभिन्न जगहों पर जुट गईं।
बताया जा रहा है कि विचाराधीन कैदी तीसा की ओर भी भाग सकता है। बहरहाल, खबर लिखे जाने तक पुलिस फरार कैदी को नहीं पकड़ पाई थी। जिला कारागार के उप अधीक्षक बीआर ठाकुर ने बताया कि मंगलवार 3:00 बजे के करीब कैदियों से जिला कारागार के इर्द-गिर्द साफ-सफाई करवाई जा रही थी। इस दौरान मौका पाकर नाबालिग को भगाने के आरोप में विचाराधीन कैदी पुलिस की आंखों में धूल झोंक भाग निकला। कैदी के फरार होने बारे शिकायत पुलिस में दे दी गई है।