हिमाचल प्रदेश में नर्सरी टीचर (प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा प्रशिक्षक) के 6,297 पदों के लिए चली भर्ती प्रक्रिया में बड़ा मोड़ आ गया है। प्रदेश भर से करीब 10 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। पात्रता जांच के बाद सिर्फ 14 उम्मीदवार ही पात्र पाए गए हैं। बाकी सभी आवेदन एनटीटी (नर्सरी टीचर ट्रेनिंग) डिप्लोमा की मान्यता शर्त पूरी न करने के कारण खारिज कर दिए गए हैं। सरकार की ओर से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नर्सरी और केजी कक्षाएं शुरू करने के उद्देश्य से यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। पात्र उम्मीदवारों की संख्या न के बराबर रहने से पूरी प्रक्रिया अटकने के कगार पर पहुंच गई है।