चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पंडोह से औट के बीच तीन दिन से बंद होने के कारण मालवाहक वाहनों में सब्जियां व फल सड़ गईं। अन्य सामान भी खराब हो गया। पुलिस के अनुसार एनएच बंद होने से करीब 2300 वाहन फंसे हुए थे, जिन्हें अब निकाला जा रहा है। औट में 1200, नागचला में 400 और पंडोह में 700 वाहन थे, जिन्हें एहतियातन पुलिस ने सुरक्षित स्थान पर रोक दिया था।
मुख्य रूप से पंजाब, हरियाणा और दिल्ली की मंडियों से फल, सब्जियां और जरूरत का अन्य सामान कुल्लू-मनाली और लाहौल-स्पीति की तरफ लेकर जा रहे थे, लेकिन तीन दिनों से हाईवे बंद होने के कारण अब यह फल-सब्जियां सड़ने लग गई हैं। चालक दवलेंद्र सेन, गुरविंदर सिंह और राज सिंह ने बताया कि उन्हें तीन दिन हो गए हैं यहां फंसे हुए। प्रशासन की तरफ से भोजन-पानी की व्यवस्था तो की जा रही है, लेकिन गाड़ियों में लोढ़ सामान खराब हो गया है।
अब उन्हें इसका भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। यहां तक की भाड़ा भी नहीं मिलेगा। बताया कि पहले यहां हाईवे की ऐसी हालत कभी नहीं हुई जो इस बार देखने को मिल रही है। उधर, एनएच बाधित होने पर फंसे लोग पैदल ही अपने गंतव्य को रवाना हुए। सिर पर बैग उठाकर मलबे व कीचड़ के बीच से लोग गुजरे। एनएच पर आए मलबे व जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से इसे खुलने में समय का अंदाजा पहले ही लग गया था। ऐसे में लोगों ने पैदल ही गंतव्य तक जाना उचित समझा।