जम्मू-कश्मीर के लोगों की प्रदेश में सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे : सुक्खू
हिमाचल प्रदेश में रह रहे कश्मीरियों की सुरक्षा पुख्ता करवाने कृषि मंत्री जावेद अहमद शनिवार को शिमला पहुंचे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह से जम्मू-कश्मीर के मंत्री ने मुलाकात कर बताया कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुला ने सभी मंत्रियों को देश के कई राज्यों में भेजा है। हर राज्यों का दौरा कर हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर प्रदेश में जम्मू-कश्मीर के लोगों की सुरक्षा ठीक हो। इसी कड़ी में उन्हें शिमला भेजा गया है। उधर, सीएम सुक्खू ने आश्वासन दिया कि प्रदेश में रह रहे जम्मू-कश्मीर के लोगों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश में जम्मू-कश्मीर के कई लोग नौकरी कर रहे हैं, कुछ युवा शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इन लोगों ने जम्मू-कश्मीर से संपर्क कर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। मंत्री जावेद अहमद ने कहा कि वह शिमला में जम्मू-कश्मीर के कुछ लोगों से भी मुलाकात करेंगे। कृषि मंत्री ने मुख्यमंत्री से हिमाचल प्रदेश में काम करने वाले कश्मीरी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने हाल ही में पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। उधर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग शांतिप्रिय हैं और भाईचारे तथा सद्भाव के मूल्यों में विश्वास रखते हैं। उन्होंने इस बर्बर हमले की निंदा करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में हिमाचल प्रदेश पीड़ितों के परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है।