डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत डुग्घा के तहत मट्टन सिद्ध हनुमान मंदिर के पास ट्रक और बाइक की टक्कर में दो लोग घायल हो गए हैं। इनमें से एक घायल को हल्की चोटें आई हैं, जबकि दूसरा गंभीर घायल मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में उपचाराधीन है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। ट्रक चालक टक्कर के बाद मौके से फरार हो गया है।
शनिवार सुबह प्रीतम चंद पुत्र कांशी राम गांव साई लोहारा और मोनू अपने काम से हनुमान मंदिर मट्टन सिद्ध के पास जा रहे थे तो एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में प्रीतम चंद गंभीर घायल हो गया और उसे एंबुलेंस की सहायता से मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले जाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं, मोनू को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस थाना सदर के प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि मौके पर जाकर छानबीन की है। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है तथा पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन में जुटी है।