बिझड़ी और खतरवाड़ में दर्जनों परिवार हुए ठगी के शिकार
सामान्य और एससी सभी वर्गों के लोगों से की ठगी
पीड़ितों का आंकड़ा 30 के करीब पहुंचा, जांच में खुलासा
मामले में तीसरी आरोपी महिला को आज अदालत में पेश करेगी विजिलेंस
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। सस्ता सरकारी लोन दिलाने के नाम पर ठगी के मामले में विजिलेंस जांच में हर दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। डेढ़ माह पूर्व ठगी का सिलसिला शुरू हुआ था। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि भोरंज के खतरवाड़ और बड़सर के बिझड़ी और गारली गांव में सबसे अधिक लोग ठगे गए हैं। इन तीन गांवों में एससी वर्ग के साथ सामान्य वर्ग के लोग भी सस्ते लोन की इंश्योरेंस के नाम पर ठगे गए हैं। पहले यह बात सामने आई थी कि एससी व एसटी वर्ग के चलाई जा रही सरकार की योजनाओं के तहत ऋण महज दो प्रतिशत पर स्वीकृत करवाने के नाम पर यह ठगी हुई। लेकिन, जांच में उद्यम ऋण के नाम पर सामान्य वर्ग के लोगों से ठगी की गई है।
अभी तक इस मामले डेढ़ लाख रुपये के करीब ठगी की राशि के साक्ष्य विजिलेंस को मिले है। मामले में 30 के करीब लोग ठगे गए हैं। पीड़ित लगातार विजिलेंस कार्यालय में शिकायत देने के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में ठगी की रकम और पीड़ितों का आंकड़ा बढ़ने की भी आशंका है। बीते शनिवार को विजिलेंस हमीरपुर की टीम ने दो प्रतिशत पर ऋण मंजूर करवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में महिला व पुरुष को गिरफ्तार किया था। मामले में बीते सोमवार को एक और महिला शिवानी को गिरफ्तार किया गया है। इस महिला को अदालत से दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। आरोपी कृष्ण चंद इस कार्यालय को संचालित करता था जबकि सुजानपुर के बनाल निवासी शिखा राणा यहां प्रबंध के रूप में कार्य कर रही थी। वहीं, सोमवार को गिरफ्तार की गई महिला आरोपी शिवानी एजेंट के रूप में लोगों को सस्ते ऋण का झांसा देकर शिखा राणा से मिलवाती थी।
एएसपी विजिलेंस हमीरपुर रेणू शर्मा का कहना है कि आरोपी शिवानी को दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। मामले में तीनों आरोपियों को बुधवार को अदालत में दोबारा पेश किया जाएगा।