The car overturned on the road after hitting the hill, the driver died
सुजानपुर (हमीरपुर)। पुलिस थाना सुजानपुर के तहत करोट क्षेत्र में एक कार पहाड़ी से टकराकर सड़क पर पलटने से चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान सुभाष चंद (55) पुत्र प्रभू राम निवासी गांव बढ़ई, करोट जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
पंचायत करोट के गांव बढ़ई के ही निवासी सुभाष चंद पुत्र ज्ञानचंद ने बताया कि उसका घर मृतक के घर के समीप है। सोमवार देर रात उन्हें रोने की आवाजें सुनाई दीं। जब वह सुभाष चंद पुत्र प्रभु राम के घर गया तो उसकी बेटी मीनू ने बताया कि थोड़ी ही दूर सड़क पर कार दुर्घटना में उसके पिता की मौत हो गई है। इसके बाद वह तथा अन्य गांव वाले मौके पर पहुंचे। वहां देखा तो कार पहाड़ी से टकराकर सड़क की दायीं तरफ पलटी हुई थी।
चालक सुभाष चंद सीट पर ही मृत अवस्था में था। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। थाना प्रभारी सतपाल ने कहा कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया तथा पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। सुभाष पूर्व में ट्रक चालक था, लेकिन अब घर में ही रहता था। उसके दो बेटे भारतीय रेलवे में सेवारत हैं।