मेडिकल कॉलेज की एक्स रे लैब के बाहर एक्स-रे करवाने के लिए मौजूद लोग।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में दो एक्स-रे लैब में से महज एक ही में जांच हो रही है। दूसरी लैब की मशीन शोपीस बनकर रह गई है।
अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग के पास पुराने चालक भवन में आधुनिक डिजीटल एक्स-रे मशीन लगाई गई है। इस मशीन से मरीजों की जांच की जा रही है, जबकि रेडियोलॉजी भवन में मौजूद पुरानी मशीन का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। अस्पताल में रोजाना औसतन सौ मरीज एक्स-रे करवाने के लिए पहुंचते हैं।
ऐसे में महज एक लैब के बाहर ही मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। दूसरी लैब नहीं खोली गई है। हालांकि आधुनिक डिजीटल एक्स-रे मशीन लगने से पहले इसी पुरानी लैब में मरीजों के एक्स-रे होते रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुरानी एक्स-रे मशीन विभिन्न टेस्ट के लिए अस्पताल में आई निजी कंपनी को दी है। फिलहाल निजी कंपनी की लैब तो सुचारू रूप से शुरू नहीं हो पाई है, लेकिन ब्लड सैंपल कलेक्शन बूथ स्थापित कर जांच की जा रही है। एक्स-रे की सुविधा कंपनी ने अस्पताल में फिलहाल शुरू नहीं की है।
इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चौहन ने कहा कि जल्द ही मरीजों को दोनों लैबों की सुविधा मिलेगी।