मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में पर्चियां बनवाने के लिए काउंटर पर लगी भीड़।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में टीबी रोगियों को इलाज में प्राथमिकता के लिए फास्ट ट्रैक कार्ड दिए जा रहे हैं। इस कार्ड से मरीज को किसी ओपीडी या लैब में जाने के लिए कतार में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। उन्हें सुरक्षा कर्मचारी को यह कार्ड दिखाना होगा। इसके बाद उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ओपीडी या लैब में उपचार या जांच की सुविधा मिलेगी। इसका मकसद संचारी रोग टीबी के संक्रमण से अस्पताल में आए अन्य लोगों को भी बचाना है। साथ ही टीबी मरीजों को ओपीडी या लैबों में भटकने से भी बचाना है। अस्पताल में उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उपचार दिलाया जा रहा है।
इसके लिए उन्हें विशेष लाल रंग का फास्ट ट्रैक कार्ड प्रबंधन की ओर से जारी हो रहा है। इसे मरीज अपने साथ लेकर संबंधित ओपीडी या लैब के बाहर तैनात सुरक्षा कर्मचारी को दिखाएगा। इस पर सुरक्षा कर्मचारी उसे प्राथमिकता के आधार पर ओपीडी या लैब में प्रवेश करवाएगा और चिकित्सक भी उसका प्राथमिकता के आधार पर उपचार करेंगे।
इसे अलावा मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में डेंटल और ईएनटी ओपीडी में जाने वाले मरीजों और कोरोना संक्रमण के लक्षणों वाले मरीजों की सैंपलिंग भी शुरू हो गई है। अस्पताल में अब डेंटल ओपीडी और ईएनटी ओपीडी के मरीजों समेत खांसी, सर्दी जुकाम के लक्षणों वाले मरीजों के कोरोना सैंपल लिए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि टीबी रोगियों को फास्ट ट्रैक की सुविधा दी जा रही है। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उपचार व जांच की सुविधा देने के लिए यह कार्ड जारी किए जा रहे हैं।