हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर के शल्य चिकित्सा विभाग में सप्ताह में तीन दिन विशेष क्लीनिक लगेंगे। इस दौरान गुदा, ब्रेस्ट कैंसर और डायबिटिक फुट के मरीजों का उपचार होगा। इन तीन दिनों में इन रोगों से संबंधित मरीज विभाग के स्पेशल क्लीनिक में आकर उपचार और परामर्श ले सकते हैं। विभाग सप्ताह के हर सोमवार एनोरक्टल यानी गुदा रोग से संबंधित मरीजों का उपचार करेगा।
हर मंगलवार को ब्रेस्ट कैंसर की जांच, उपचार व परामर्श के लिए विशेष क्लीनिक लगेगा। हर बुधवार को मधुमेह के कारण पैरों में आए घावों का उपचार होगा। यह तीन विशेष क्लीनिक अस्पताल की सर्जरी ओपीडी के कमरा नंबर 117 में लगेंगे। इससे गुदा रोग, ब्रेस्ट कैंसर और डायबिटिक फुट के मरीजों को अन्य मरीजों के साथ भीड़ में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
इन रोगों के मरीज निर्धारित दिनों में अस्पताल में आकर अपना उपचार प्राथमिकता के आधार पर करवा सकते हैं। उनके लिए विशेष क्लीनिक में चिकित्सक सेवाएं देंगे। मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग में रोजाना 15 से 20 मरीज गुदा रोग, ब्रेस्ट कैंसर और डायबिटिक फुट की समस्या लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में इन मरीजों को इंतजार न करना पड़े और इनका उचित व समय पर उपचार हो सके, विभाग ने स्पेशल क्लीनिक की सुविधा इन्हें दी है। मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग की एचओडी डॉ. लक्ष्मी अग्निहोत्री ने इसकी पुष्टि की है।