हमीरपुर बस स्टैंड के बाहर मुख्य मार्ग किनारे चल सीवरेज लाइन बिछाने के लिए खुदाई करते हुए।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। स्थानीय बस स्टैंड के पास शॉपिंग कांप्लेक्स के बाहर मुख्य सड़क के किनारे सीवरेज लाइन बिछेगी। अभी सड़क के बीचोंबीच सीवरेज लाइन बिछी है। बरसात में सीवरेज चैंबर के ढक्कन अपने आप खुल जाते हैं और सड़क पर गंदगी फैल जाती है। इस समस्या से निपटने के लिए जलशक्ति विभाग ने नई पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया है।
बस स्टैंड और शॉपिंग कांप्लेक्स के बाहर सौंदर्यीकरण शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग बस स्टैंड के बाहर वाली मुख्य सड़क के विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण का काम करेगा। जहां पहले खोखा मार्केट थी, वहां सड़क को चौड़ा करने के साथ ही पक्की निकासी नाली का निर्माण किया जा रहा है।
इसके साथ ही यहां पर रेन शेल्टर और फव्वारा का निर्माण भी होगा। इससे बस स्टैंड और शॉपिंग कांप्लेक्स आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। इस समय सड़क की चौड़ाई कम है। सड़क के किनारे बिजली के खंभे भी हैं। इन खंभों को भी पीछे शिफ्ट किया जा रहा है। इससे सड़क दुर्घटनाओं के मामलों पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
लोनिवि के एक्सईएन विवेक शर्मा ने कहा कि खोखा मार्केट को हटाने के बाद खाली जगह के सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। सड़क विस्तारीकरण के साथ ही यहां पर रेन शेल्टर और फव्वार लगाया जाएगा। सीवरेज लाइन बदलने के लिए जलशक्ति विभाग और बिजली के खंभों को शिफ्ट करने के लिए बिजली बोर्ड को कहा है।