परीक्षा केंद्र के साथ स्कूल के मिड-डे मील पाकशाला भी जांची व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। एसडीएम भोरंज संजय स्वरूप ने मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुक्कड़ का औचक निरीक्षक करके व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान स्कूल प्रशासन ने प्रधानाचार्य देशराज कमल की अध्यक्षता में एसडीएम संजय स्वरूप का पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत किया। भोरंज के एसडीएम ने स्कूल में दसवीं कक्षा के सामाजिक विज्ञान विषय के पेपर का निरीक्षण किया तथा सीसीटीवी कैमरे में पेपर दे रहे बच्चों का अवलोकन किया। स्कूल में बोर्ड की परीक्षा के लिए रखे प्रश्न-पत्रों व उत्तर पुस्तिका का भी निरीक्षण किया जो सही पाया गया। इसी तरह स्कूल में स्मार्ट क्लास रूम, कंप्यूटर लैब और मिड-डे मील पकाने के लिए बनी पाकशाला का भी निरीक्षण किया। स्कूल के शौचालय का निरीक्षण करके सफाई व्यवस्था की सराहना की।
इसके बाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुक्कड़ के मतदाता साक्षरता के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बधानी के प्रधानाचार्य अनिल डोगरा, स्कूल के वरिष्ठ प्रवक्ता मणी राम शर्मा, मतदाता साक्षरता क्लब के नोडल अधिकारी मनोज कुमार, वीना वर्मा, रीतू वर्मा, नील कमल, सुनील दत्त, संजीव कुमार, प्रीतम चंद, वरिष्ठ सहायक महेंद्र सिंह, क्लर्क, चंद्रकात व अन्य उपस्थित रहे।
बॉक्स:
उड़नदस्ते ने पांच परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
भोरंज में उड़नदस्ते की टीम ने एसडीएम संजय स्वरूप के नेतृत्व में परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बधानी, चंबोह, अमरोह, भुक्कड़ व राजकीय उच्च पाठशाला कक्कड़ में मंगलवार को बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया तथा परीक्षा संचालन की जांच की गई। इस दौरान कोई भी विद्यार्थी नकल करते हुए नहीं पाया गया। मंगलवार को दसवीं कक्षा का सामाजिक विज्ञान विषय का पेपर था। उड़नदस्ते में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बधानी के प्रधानाचार्य अनिल डोगरा, राजकुमार, मान चंद शामिल रहे।