हमीरपुर। जिला हमीरपुर के तहत गांव सालन में किसी व्यक्ति ने अपने मलकीयत भूमि पर बिना स्वीकृति निर्धारित संख्या से अधिक चीड़ और अन्य प्रजाति के पेड़ों का कटान कर दिया। इस मामले की शिकायत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो हमीरपुर और वन विभाग के पास पहुंची है। शिकायत मिलने के बाद वीरवार को दोनों विभागों की टीमें मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।
मलकीयत भूमि पर बिना परमिशन हुए इस कटान के बारे में संबंधित व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। विभागीय नियमों के मुताबिक कोई भी व्यक्ति अपनी मलकीयत भूमि से केवल पांच पेड़ ही काट सकता है। इससे अधिक पेड़ों के कटान के लिए वन विभाग से स्वीकृति लेनी पड़ती है। सूत्रों के मुताबिक भूमि मालिक ने वन विभाग से पेड़ों के कटान के बारे में कोई स्वीकृति हासिल नहीं की है। जिसके चलते वीरवार को विजिलेंस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। इधर, वन विभाग के मुख्य अरण्यपाल प्रदीप ठाकुर ने कहा कि बिना स्वीकृति मलकीयत भूमि से आठ चीड़ के पेड़ कटे हैं। काटी गई लकड़ी को जब्त कर लिया है।
उधर, डीएसपी विजिलेंस लालमन शर्मा ने कहा कि सूचना मिलने के बाद विजिलेंस टीम को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है। कुछ पेड़ों का कटान मौके पर पाया गया है। इस बारे में वन विभाग को सूचना दे दी गई है। अब आगामी कार्रवाई वन विभाग ही करेगा।