मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की एसआरएल लैब के बाहर लगी लोगों की कतार, यहां पंखा नहीं है।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की एसआरएल लैब और वार्डों के बाहर गैलरी में पंखे न होने से मरीजों और तीमारदारों को गर्मी से बेहाल होना पड़ रहा है। यहां अकसर मरीजों व तीमारदारों की भीड़ उमड़ती है, लेकिन पंखे न होने के कारण यहां खड़ा होना या बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना मुश्किल है। वार्डों में उपचाराधीन मरीजों के तीमारदार चिकित्सकों के राउंड के दौरान वार्ड से बाहर आ जाते हैं। ऐसे में वह वार्डों के बाहर गैलरी में इंतजार करते हैं। वहीं, रात को भी तीमारदार वार्डों के बाहर गैलरी में ही रात गुजारते हैं। ऐसे में यहां पंखे न होने से उन्हें गर्मियों में गर्मी से बेहाल होना पड़ता है।
इसके अलावा अस्पताल की एसआरएल लैब और कई ओपीडी के बाहर भी पंखे नहीं हैं। एसआरएल लैब में रोजाना 200 से 250 मरीजों के खून टेस्ट होते हैं। यहां लैब के बाहर मरीजों की कतारें लगी रहती हैं। पंखे न होने के कारण गर्मी से राहत पाने के लिए मरीज व तीमारदार पर्ची या जांच रिपोर्ट की फाइलों से खुद को पंखा झुलाते नजर आते हैं।
मरीजों और तीमारदारों अशोक कुमार, बिक्रम सिंह, संदीप कुमार, संतोष कुमार का कहना है कि अब अगला सीजन सर्दियों का है, लेकिन गर्मी व बरसात के मौसम में वार्डों व लैब के बाहर अपनी बारी का इंतजार करना मुश्किल है। एक तो भीड़, दूसरा पंखे न होने के कारण पसीने से भीगने को मजबूर हैं। बीते सोमवार को भी गर्मी अधिक थी। इस कारण समस्याओं का सामना करना पड़ा। अस्पताल प्रबंधन यहां पंखे लगाए। इस संबंध में एमएस डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है, फिर भी इस समस्या पर गोर किया जाएगा।