हमीरपुर के चिल्ड्रन पार्क में अग्निपाथ योजना के विरोध में एकत्रित हुए नौजवान।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। युवा कांग्रेस ने अग्निपथ योजना के खिलाफ हमीरपुर में जोरदार प्रदर्शन और चक्का जाम किया। युवाओं ने हीरानगर से बस अड्डा हमीरपुर तक रोष रैली निकाली और केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कार्यकर्ताओं ने बस अड्डा के सामने सड़क पर बैठकर चक्का जाम किया। इस दौरान डिवाइडर की एक तरफ की सड़क को युवाओं ने जाम कर दिया और वाहनों की आवाजाही डिवाइडर की दूसरी तरफ की सड़क से ही हुई। इससे सड़क पर जाम लगा रहा रहा।
प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रदर्शन की अगुवाई प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया अध्यक्ष एवं प्रवक्ता अभिषेक राणा ने की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। भाजपा सरकार के अडिय़ल रवैये की वजह से देश की जनता परेशान है। किसान सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों को नहीं समझ पा रहे थे, जीएसटी को व्यापारी नहीं समझ पा रहे, नोटबंदी और महंगाई आम जनता नहीं समझ पाई, अब युवा अग्निपथ योजना नहीं समझ पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्पष्ट है कि भारतीय जनता पार्टी और उनकी नीतियां आम नागरिकों की समझ से बाहर हो चुकी हैं। अब जनता को भाजपा का सम्मेलन नहीं, समस्या का समाधान चाहिए। सेना की भर्ती के दौरान जो युवा फिजिकल टेस्ट पास कर चुके थे, उनकी लिखित परीक्षा भी रद्द कर दी गई है। यदि लिखित परीक्षा रद्द ही करनी थी तो फिजिकल टेस्ट कराने का ढोंग क्यों किया गया।
सरकार पहले से ही रोजगार देने में असमर्थ है। अब ऐसी योजना लाकर युवाओं को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर किया जा रहा है। युवाओं की मांग है कि अग्निपथ योजना को वापस लिया जाए और सेना में भर्ती के लिए लिखित परीक्षा ली जाए।
अग्निपाथ योजना के विरोध में हमीरपुर के चिल्ड्रन पार्क से कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक राणा की अगुवा- फोटो : Hamirpur-HP