हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपो हमीरपुर को पीसमील कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बसों की समय पर मरम्मत न होने के कारण करीब डेढ़ दर्जन रूट बंद करने पड़े हैं। इन रूटों पर एचआरटीसी पिछले कुछ दिनों से बसें नहीं भेज रहा है। इससे इन क्षेत्रों के ग्रामीणों को बस सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों को बसें न मिलने के कारण टैक्सियों में आवाजाही करनी पड़ रही है। हमीरपुर डिपो के 39 पीसमील कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे हुए हैं। इनकी मांग है कि प्रदेश सरकार पीसमील कर्मचारियों को अनुबंध पर लाने की अधिसूचना जारी करे। इसके बाद ही पीसमील कर्मचारी हड़ताल से उठेंगे।
इन कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के कारण एचआरटीसी हमीरपुर के करीब डेढ़ दर्जन नियमित कर्मचारियों के जिम्मे ही सभी बसों की मरम्मत है, लेकिन इन कर्मचारियों को लोकल रूटों की बसों की मरम्मत का समय तक नहीं मिल रहा है। क्योंकि लंबी दूरी वाली बसों को ही तैयार कर रूटों पर भेजना पड़ता है। इसके चलते करीब डेढ़ दर्जन लोकल रूटों की बसों के पहिये थम गए हैं। इन रूटों में हमीरपुर से भैल दोपहर 12.40 बजे, हमीरपुर से बैरी शाम 5.30, हमीरपुर से री भलाना 11.30 बजे, हमीरपुर से धनेड़ शाम सात बजे, हमीरपुर से बल्ह दोपहर एक बजे, हमीरपुर से सुजानपुर शाम साढ़े पांच बजे, हमीरपुर से कक्कड़ साढ़े ग्यारह बजे, हमीरपुर से उखली 1.40 बजे, हमीरपुर से कंज्याण दो बजे, हमीरपुर से बड़ा, साढ़े छह बजे हमीरपुर से गलोड़ सात बजे, हमीरपुर से री पटलांदर साढ़े ग्यारह बजे आदि लोकल रूटों सहित अन्य रूट बंद कर दिए गए हैं।
कोरोना काल से पहले निगम के कुल 186 रूट चलते थे, लेकिन कोरोना के कारण निगम ने रूटों में कमी कर दी। कोरोना की दूसरी लहर के बाद निगम प्रबंधन ने धीरे-धीरे रूटों की संख्या बढ़ाना शुरू की थी, लेकिन पीसमील कर्मचारियों की हड़ताल के कारण अब बसों की समय पर मरम्मत न होने और इनमें खराबी आने के कारण निगम प्रबंधन ने डेढ़ दर्जन रूटों पर बसें बंद कर दी हैं। वर्तमान में 186 में से महज 115 रूटों पर ही बसें दौड़ रही हैं। डीडीएम एचआरटीसी हमीरपुर विवेक लखनपाल ने कहा कि पीसमील कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बसों में खराबी आ रही है। बसों की मरम्मत समय पर नहीं हो पा रही है। इसके चलते कुछ रूटों को फिलहाल बंद किया गया है।
बॉक्स-
बल्ह क्षेत्र के लोगों को झेलनी पड़ रही परेशानी
हमीरपुर। बल्ह क्षेत्र के लिए बस स्टैंड हमीरपुर से चलने वाली एचआरटीसी की लोकल बस बंद हो गई है। बस न चलने से बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और स्थानीय जनता पैदल चलने को मजबूर हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन्हें कई बार घर जाने के लिए टैक्सी का प्रयोग करना पड़ रहा है। जिससे इन्हें आर्थिकी हानि झेलनी पड़ती है।
कोरोना काल में बस बंद हो गई थी। उससे पहले बस की आवाजाही सुबह नौ बजे, दोपहर एक बजे और शाम को पांच बजे थी, परंतु कोरोना की दूसरी लहर के बाद यह बस केवल सुबह नौ बजे और दोपहर एक बजे ही चलती थी। अब यह भी बंद हो गई है। यह बस हमीरपुर से होकर वाया दोसड़का, बड़ू, मोहीं, घनाल से होकर बल्ह क्षेत्र तथा अणु कलां तक जाती है। लोगों ने एचआरटीसी से आग्रह किया है कि बल्ह क्षेत्र के लिए पांच बजे वाली बस भी सुचारु रूप से चलाई जाए। डीडीएम विवेक लखनपाल ने कहा कि पीसमील कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बस सेवा बंद हुई है।