बिड़सर (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झिरालड़ी में 21 नवंबर को जनमंच आयोजित किया जाएगा। इसमें क्षेत्र की ग्राम पंचायत लोहडर, करेर, पाहलू, पटेरा, मोरसू सुल्तानी और नगर पंचायत भोटा के निवासियों की समस्याएं सुनी जाएंगी।
प्रशासन ने जनमंच की तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसडीएम शशि पाल शर्मा ने जनमंच कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक प्रबंधों के बारे में उपमंडल स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्हें दिशा-निर्देश भी दिए। एसडीएम ने बताया कि 21 नवंबर को सुबह 10 बजे झिरालड़ी में आयोजित किए जाने वाले जनमंच की अध्यक्षता शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों और नगर पंचायत भोटा के निवासियों से समस्याएं आमंत्रित कर ली हैं।
उन्होंने बताया कि जनमंच कार्यक्रम के लिए शामिल की गई पंचायतों में प्री-जनमंच शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा जनसमस्याओं का समाधान किया जाएगा। जनसमस्याओं के निवारण के साथ-साथ इन पंचायतों में कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए भी विशेष मुहिम चलाई जाएगी ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
करेर और पाहलू में प्री-जनमंच शिविर
करेर और पाहलू पंचायत में एसडीएम शशि पाल शर्मा की अध्यक्षता में प्री-जनमंच में 16 जनसमस्याएं और 4 मांगों से संबंधित आवेदन मिले। एसडीएम ने बताया कि 18 नवंबर को नगर पंचायत भोटा और ग्राम पंचायत लोहडर में भी प्री-जनमंच शिविर आयोजित किया जाएगा। 19 नवंबर को ग्राम पंचायत मोरसू सुल्तानी और पटेरा में प्री-जनमंच के दौरान जनसमस्याओं की सुनवाई की जाएगी।