हमीरपुर। उपमंडल बड़सर के अंतर्गत सड़क पर दो युवकों को पुलिस जवानों की ओर से सरेआम लात-घूंसे मारने के मामले की जांच तेज हो गई है। इस मामले में डीएसपी बड़सर शेर सिंह ने मारपीट करने वाले दियोटसिद्ध पुलिस चौकी के दो जवानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। डीएसपी ने पुलिस कर्मियों को नोटिस का शीघ्र जवाब देने के निर्देश दिए हैं, ताकि आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा सके। मारपीट का यह मामला बीते सप्ताह है।
दियोटसिद्ध पुलिस चौकी के जवान चकमोह के समीप सड़क से गुजर रहे थे। तभी उनकी नजर स्कूटी सवार युवकों पर पड़ी। पुलिस और युवकों के बीच जानें क्या बात हुई कि पुलिस जवान ने आपा खो दिया और युवक पर लात-घूंसे बरसा दिए। तभी सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति ने इस मारपीट का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला पुलिस अधीक्षक के ध्यान में लाया गया और डीएसपी को जांच के निर्देश दिए गए।
इसके बाद डीएसपी ने जब मामले की पड़ताल की तो पाया कि मारपीट करने वाले जवान दियोटसिद्ध पुलिस चौकी के हैं। इसके बाद इन दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उधर, डीएसपी बड़सर शेर सिंह ने कहा कि वीडियो में युवकों से मारपीट करने वाले पुलिस जवान दियोटसिद्ध पुलिस चौकी के थे, दोनों को नोटिस जारी किए गए हैं। नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।