कन्या स्कूल हमीरपुर की लाइब्रेरी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। कोरोना संक्रमण के कारण दो वर्ष स्कूल बंद रहने से विद्यार्थियों में आए बदलावों को ठीक करने में शिक्षक हर संभव प्रयास कर रहे हैं। बच्चों को नए सत्र से ऑफलाइन कक्षाओं में डिजिटल लाइब्रेरी जैसी सुविधा प्राप्त होगी। इसमें बच्चे कंप्यूटर से पढ़ाई कर सकेंगे।
दो वर्ष से घरों में ऑनलाइन शिक्षा ग्रहण करने के बाद बच्चों को पढ़ाई के दौरान कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते कन्या स्कूल हमीरपुर में छात्राओं की सुविधा के लिए नए शैक्षणिक सत्र से डिजिटल लाइब्रेरी खोली जाएगी ताकि छात्राएं पढ़ाई के साथ डिजिटल तकनीक से विषयों का ज्ञान भी अर्जित कर सकें। लाइब्रेरी में छात्राओं के लिए किताबों समेत विज्ञान पत्रिका, सामान्य ज्ञान पत्रिका, हिंदी, अंग्रेजी विषयों के अखबार पढ़ने की सुविधा मिलेगी। स्कूल में छात्राएं खाली समय में लाइब्रेरी में पढ़ाई कर सकती हैं।
नए सत्र से स्कूलों में बच्चों में आनलाइन कक्षाओं के दौरान आए बदलावों को ठीक करने के लिए यह प्रयास किए जा रहे हैं। दो वर्ष से घरों में बंद रहने के बाद कुछ बच्चे पढ़ाई में पिछड़ गए हैं। इन्हें सुधारने के लिए शिक्षक प्रयासरत हैं। शिक्षक नए सत्र से बच्चों को पढ़ाने के लिए नई गतिविधियां आयोजित कर रहे हैं ताकि बच्चों में आए अंतर को दूर किया जा सके।
कॅरिअर के लिए करेंगे काउंसलिंग : विजय
कन्या स्कूल के प्रधानाचार्य विजय गौतम का कहना है कि नए सत्र के लिए स्कूल की तैयारी पूरी है। स्कूल में बच्चों को प्रत्येक सुविधा दी जा रही है। स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। स्कूल परिसर में छात्राओं को पढ़ने के लिए डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जा रही है। छात्राओं के लेखन और पाठन क्षमता को बढ़ाने के लिए स्कूल प्रबंधन ने विशेष अभियान चलाया है। एसओपी को ध्यान में रखकर नए सत्र में बच्चों की काउंसलिंग कर उन्हें कॅरिअर के लिए गाइड किया जाएगा। आनलाइन कक्षाओं में भूले अनुशासन को सुधारा जाएगा।