सलौणी (हमीरपुर)। समय दस बजे, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झिरालड़ी के प्रांगण जनमंच कार्यक्रम के लिए क्षेत्र के लोग पहुंच गए हैं। लोग इंतजार कर रहे हैं। करीब सवा घंटे के इंतजार के बाद शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज जनमंच में पहुंचे।
मंत्री ने पहुंचते ही सबसे पहले प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। मंच पर 11:45 बजे बैठै और जनमंच कार्यक्रम में शिकायत व समस्याओं की कार्रवाई आरंभ हुई। अमर सिंह निवासी पाहलू ने बिजली की समस्या पेश की। मंत्री ने मौके पर ही समस्या का निपटारा किया। जनमंच में बिजली, पानी, सड़क, राजस्व विभाग की शिकायतें अधिक रहीं। सवा दो बजे तक शिकायतों व समस्याओं का दौर चला और मौके पर लोगों की 16 शिकायतें आईं। जबकि 69 शिकायतें प्री जनमंच में आई थीं। इन समस्याओं में से बहुत कम का निपटारा मौके पर किया गया, जबकि अधिकांश समस्याओं के उचित निपटान के आदेश विभागीय अधिकारियों को दिए गए।
सवा दो बजे के बाद लोगों को पैकेड भोजन वितरित किया गया। मंत्री सुरेश भारद्वाज ढाई बजे कार्यक्रम से रवाना हुए। जनमंच के दौरान लाहड़ी, बल्ह, सालन संपर्क सड़क काफी समय से बंद होने की शिकायत पर जब मंत्री ने एसई लोक निर्माण विभाग को पुकारा तो कार्यक्रम में एसई मौजूद नहीं थे। जिस पर मंत्री ने अधिकारी को लताड़ा। समस्या के समाधान के लिए मंत्री ने एक्सईएन को भी इस बारे में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। काम न करने पर लताड़ लगाई और चेतावनी दी अगर एक हफ्ते में सड़क का कार्य शुरू नहीं हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने अपने भाषण में कहा कि जनमंच कार्यक्रम प्रदेश सरकार का बहुत ही महत्वपूर्ण एवं फ्लैगशिप कार्यक्रम है। इसमें अधिकांश जनसमस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि आम लोग कई बार सरकारी दफ्तरों और बड़े अधिकारियों के पास जाने से हिचकिचाते हैं। इन लोगों की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान उनके घरद्वार पर ही करने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनमंच कार्यक्रम आरंभ किया है। इस कार्यक्रम के तहत प्राप्त अधिकांश जनसमस्याओं का निवारण प्री-जनमंचों में ही कर दिया जाता है। इससे आम लोगों को बहुत बड़ी राहत मिलती है। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि जनमंच के अलावा 1100 नंबर पर उपलब्ध मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन के माध्यम से भी जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। मंत्री ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। इस अवसर पर उपायुक्त देवश्वेता बनिक ने शहरी विकास मंत्री को आश्वस्त किया कि जनमंच के दौरान मौके पर ही प्राप्त जन शिकायतों को भी संबंधित विभागों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा।
ये रहीं लोगों की शिकायतें और समस्याएं
15 सालों से विभाग ने नहीं की तकसीम : सोनी
समय 12:30, शिकायतकर्ता अशोक सोनी निवासी छेक ने शिकायत रखी की भूमि की तकसीम राजस्व विभाग 15 वर्षों से लटकाता आ रहा है। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसकी तकसीम 15 दिन के भीतर करवाई जाए।
पूर्व प्रधान ने नहीं दिए दिहाड़ी के रुपये : चंद्रभान
समय 1:40, शिकायतकर्ता प्रवासी ठेकेदार चंद्रभान निवासी सलौणी ने शिकायत रखी। कहा कि क्षेत्र की एक पंचायत के पूर्व प्रधान ने उसकी दिहाड़ियों के रुपये हड़पे हैं। मनरेगा में जाली मस्टरोल बनाकर और लोगों को लाभ दिया गया है, जबकि उसने काम किया था और उसे भुगतान नहीं हुआ। इस पर मंत्री ने खंड विकास अधिकारी को मामले की जांच के निर्देश दिए और उपायुक्त को रिपोर्ट सौंपने को कहा।
कहीं और लगा दिए एनएच रोड से उखाड़े हैंडपंप : अनिल
समय 1:50 बजे, शिकायतकर्ता अनिल ठाकुर निवासी मोरसू सुल्तानी ने शिकायत रखी की जब एनएच बना था तो उस समय तीन हैंडपंप उखाड़े गए थे। इनके स्थान पर लगने वाले हैंडपंप को कहीं और ही लगा दिया गया है। इस पर मंत्री ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को लताड़ लगाई और निर्देश दिए कि जहां पर हैंडपंप लगने हैं, वहां लगाए जाएं। इसके लिए जांच कमेटी के गठन के निर्देश भी उपायुक्त को दिए।
एचआरटीसी के दो रूट हैं बंद : कुलदीप
समय 2.11 बजे, शिकायतकर्ता कुलदीप ठाकुर ने शिकायत रखी कि कोरोना काल में एचआरटीसी के बंद हुए हमीरपुर-अवाहदेवी और हमीरपुर-स्मैला रूट बहाल नहीं हुए हैं। इस पर मंत्री ने निगम अधिकारी से पूछा तो डीडीएम ने कहा कि प्री जनमंच में ही यह शिकायत आई है और लोगों की सुविधा के लिए रूट आगामी मंगलवार से चालू कर दिए जाएंगे।
जल शक्ति विभाग ने आधे गांव को नहीं डाली पाइपलाइन: राजेश
राजेश कुमार निवासी पाहलू ने शिकायत रखी कि जल शक्ति विभाग ने एक विशेष व्यक्ति के घर तक पेयजल लाइन डाल दी है, लेकिन उससे आगे आधे गांव को नई पाइपलाइन की सुविधा नहीं मिल रही है। जिस पर मंत्री ने एसडीएम बड़सर को मौका देखकर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बॉक्स-
16 महिलाओं को गैस कनेक्शन और 31 को दी सिलाई मशीनें
जनमंच के दौरान शहरी विकास मंत्री ने हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत 16 महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान किए। उन्होंने उद्योग विभाग के माध्यम से प्रशिक्षित 31 महिलाओं को सिलाई मशीनें एवं टूल किट वितरित कीं। बेटी है अनमोल योजना के तहत 3 कन्याओं को 12-12 हजार रुपये की एफडी के दस्तावेज और शगुन योजना की 7 लाभार्थियों को 31-31 हजार रुपये के चेक प्रदान किए। एक बूटा बेटी के नाम योजना के तहत 4 कन्याओं को पौधे और अन्य उपहार वितरित किए गए। मेडिकल जांच शिविर में कुुल 310 लोगों की जांच की गई।