हमीरपुर। जिले के 301 स्कूलों में बच्चों को कॅरिअर के प्रति जागरूक करने के लिए काउंसलिंग गाइडेंस सेल स्थापित किए गए हैं। इससे स्कूल में दाखिले के दौरान विद्यार्थियों की रुचि और कॅरिअर के अनुसार विषय चुनने में मदद मिलेगी। इस मुहिम के तहत नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को कॅरियर संबंधी मार्गदर्शन किया जा रहा है। कॅरियर काउंसलिंग गाइडेंस सेल में जिलाभर के प्रशासनिक अधिकारियों सहित ब्लॉक स्तर के अधिकारी और जिला रोजगार अधिकारी बच्चों का मार्गदर्शन करेंगे।
अधिकारियों की ओर से विद्यार्थियों को अपने अनुभव के अनुसार गाइड किया जाएगा तथा उन्हें अपनी रुचि के अनुसार कॅरिअर चुनने में मदद मिलेगी। विभाग की ओर से स्कूलों के वरिष्ठ अध्यापकों को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है, जो बच्चों को दाखिले के समय सही विषय चुनने में मदद करेंगे, ताकि संबंधित विषय चुनने के बाद उन्हें उस क्षेत्र में बेहतरीन रोजगार उपलब्ध हों। स्कूल में बच्चों को पढ़ाई के समय परीक्षाओं के दौरान होने वाले तनाव को कम करने के लिए माह में एक बार बैठक का आयोजन किया जाएगा।
इसमें बच्चे अनुभवी शिक्षकों से संवाद करेंगे। वहीं, शिक्षक बच्चों का मार्गदर्शन करेंगे जिससे बच्चों को पढ़ाई करने में काफी सुविधा प्राप्त होगी। आमतौर पर बच्चों को सही दिशा-निर्देश पता न होने पर वह गलत विषय का चुनाव कर लेते हैं। इससे उन्हें बाद में पढ़ाई करने में असुविधा होती है। इसे ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल स्तर पर ही कॅरिअर काउंसलिंग गाइडेंस सेल स्थापित किए हैं।
इस संदर्भ में उच्चतर शिक्षा विभाग के उपनिदेशक बीडी शर्मा का कहना है कि शिक्षा विभाग की ओर से जिले के स्कूलों के प्रधानाचार्यों को मई माह में कॅरिअर काउंसलिंग गाइडेंस सेल स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षकों को बच्चों की जरूरत के अनुसार गाइड करने के लिए कहा गया है। वहीं, अभिभावकों को बच्चों पर पढ़ाई का दबाव न डालने के लिए कहा गया है।