बुधवार को नगर परिषद के वार्ड पांच में वर्षाशालिका का लोकार्पण करते समय उपस्थित नप के अध्यक्ष, ईओ ?
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर आजकल विकास कार्यों के लोकार्पण को लेकर खासी चर्चा में है। कारण है एक ही विकास कार्य का बार-बार अलग-अलग सम्मानीय लोगों से लोकार्पण करवाना।
नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर पांच में कांग्रेस समर्थित पार्षद हैं। नगर परिषद हमीरपुर में अध्यक्ष भाजपा समर्थित तो उपाध्यक्ष निर्दलीय हैं। वार्ड पांच में पिछले कार्यकाल में तत्कालीन पार्षद राजेश चौधरी ने यहां पर 6.72 लाख रुपये की लागत से वर्षाशालिका का निर्माण करवाया था। कोविड-19 के कारण वह अपने कार्यकाल में वर्षाशालिका का लोकार्पण नहीं करवा पाए।
इसी साल नगर परिषद के चुनाव हुए तो उनका वार्ड नंबर पांच महिला के लिए आरक्षित हो गया। इसके चलते निवर्तमान पार्षद राजेश चौधरी की धर्मपत्नी राधा रानी ने चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इसी साल समाजसेवी तिलकराज चोपड़ा ने वार्ड नंबर पांच में बनी वर्षाशालिका में वाटर कूलर दान किया। इसके चलते पार्षद राधारानी, पूर्व पार्षद राजेश चौधरी और वार्ड के अन्य बाशिंदों की उपस्थिति में 19 अगस्त 2021 को वार्ड के बुजुर्ग के हाथों वर्षाशालिका का उद्घाटन करवाया। इस मौके पर आयोजित हवन के दौरान लोगों को मिठाई बांटी गई। बुधवार को नगर परिषद ने फिर से इस वर्षाशालिका का विधायक नरेंद्र ठाकुर के हाथों उद्घाटन करवा दिया। इसको लेकर पूरे शहर में खासी चर्चा है। क्योंकि पूर्व में यहां बिजली बोर्ड की क्योस्क मशीन का भी दो बार उद्घाटन करवाया जा चुका है।
नगर परिषद हमीरपुर के ईओ केएल ठाकुर ने कहा कि बेशक यह वर्षाशालिका पूर्व नगर परिषद के कार्यकाल में बनी है। एक निर्वाचित पार्षद विकास कार्यों का लोकार्पण नहीं कर सकता। इसके चलते बुधवार को विधायक ने वर्षाशालिका का लोकार्पण किया है।
नगर परिषद हमीरपुर की वार्ड नंबर पांच की पार्षद राधा रानी ने कहा कि वह चुनी हुई पार्षद हैं, कोई मनोनीत नहीं। मैंने खुद नहीं बल्कि अपने वार्ड के सम्मानित बुजुर्ग से वर्षाशालिका का लोकार्पण करवाया है। यह कहना बिल्कुल गलत है कि नगर परिषद के पार्षद विकास कार्यों के लोकार्पण नहीं कर सकते। विधायक निधि से इसका निर्माण नहीं हुआ है। भाजपा बताए कि इस वर्षाशालिका के निर्माण कार्य में उनका क्या योगदान है।
19 अगस्त 2021 को वार्ड नंबर पांच की पार्षद राधा रानी और पूर्व पार्षद समेत वार्ड के स्थानीय लोग वर्षाश?- फोटो : Hamirpur-HP