परिजनों ने जिला कारावास में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल
विचाराधीन आरोपी दीप चंद ने जेल में लगा लिया था फंदा
जिला कारावास में भी ग्रामीणों ने खूब किया था हंगामा, शव को ले जाने के बाद भी फूटा गुस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। जिला कारावास में फंदा लगाकर खुदकुशी करने वाले कैदी के परिजनों ने कारावास में प्रदर्शन करने के बाद देर रात को पुलिस थाना बड़सर के सामने चक्का जाम किया। परिजनों ने जिला कारावास में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए और शव को ले जाने के बाद एनएच 503 ए पर जोरदार प्रदर्शन किया। मृतक दीप चंद भुटलाड़ गांव का रहने वाला था। तीन फरवरी को उस पर पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद उसे हमीरपुर जेल में रखा गया था। वहीं, मामले की सुनवाई न्यायालय में चल रही थी लेकिन दीप चंद ने जेल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
इसके बाद परिजनों ने हंगामा किया। हालांकि, पुलिस ने जाम तो खुलवा दिया, लेकिन ग्रामीण उसके बाद हमीरपुर गए और नारेबाजी की। मृतक के शव को जब घर लाया जा रहा था तो ग्रामीणों ने दोबारा बड़सर पुलिस थाने के सामने सड़क जाम कर दी। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रही। पुलिस के समझाने के बाद लोग माने और रास्ता खाली किया। दूसरी ओर गांव के युवकों ने बड़सर शाहतलाई सड़क को भी इसके बाद जाम कर दिया। इस दौरान बड़सर शाहतलाई सड़क पर भी करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा, हालांकि स्थानीय पंचायत प्रधान और डीएसपी बड़सर के समझाने के बाद मामला शांत हुआ।
एसडीपीओ बड़सर सचिन हीरेमठ ने कहा कि परिजनों को शांत करवाया गया और घर भेजा गया। आचार संहिता लगी हुई है और ऐसी स्थिति में लोगों को शांत करवाना मुश्किल काम होता है।