हमीरपुर। त्योहार के सीजन में मुनाफाखोरी के मामले भी बढ़ने लगे हैं। करवाचौथ, दिवाली और धनतेरस से पहले ही बाहरी राज्यों से आभूषण और इलेक्ट्रॉनिक्स का महंगा सामान बिना बिल चोरी छुपे हमीरपुर पहुंचने के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में एक्साइज विभाग ने सरकार को चूना लगाने वाले कारोबारियों पर पैनी नजर गड़ा दी है। शुक्रवार को एक्साइज विभाग ने उपमंडल मुख्यालय बड़सर में पंजाब के एक कारोबारी को 10 लाख रुपये सोने के साथ पकड़ा।
इस टीम में सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी अनुराग गर्ग, राज्य कर अधिकारी नितिन गुप्ता और कुलदीप जंवाल शामिल रहे। यह कारोबारी अमृतसर से सोने की सप्लाई देने बड़सर के एक आभूषण निर्माता एवं विक्रेता के पास पहुंचा था। सूचना मिलते ही एक्साइज विभाग ने मौके पर पहुंच कर उसके बैग की तलाशी ली।
जिसमें सोने के आभूषण पाए गए। एक्साइज विभाग की टीम ने उन्हें बिल दिखाने के लिए कहा, लेकिन कारोबारी मौके पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। जिसके चलते जीएसटी अधिनियम की धारा 130 के अंतर्गत उसे 90 हजार रुपये पेनल्टी लगाई गई है। उधर, उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी विशाल गोरला ने बताया कि एक्साइज टीम ने अमृतसर के एक आभूषण कारोबारी को 90 हजार रुपये जुर्माना लगाया है।