जिला हमीरपुर की नवनियुक्त एसपी आकृति शर्मा उपायुक्त कार्यालय के बाहर सलामी लेती हुईं।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। आईपीएस अधिकारी डॉ. आकृति शर्मा ने बुधवार को दोपहर बाद हमीरपुर पुलिस अधीक्षक के पद पर ज्वाइन कर लिया है। इससे पहले वह पुलिस बटालियन बनगढ़ में बतौर कमांडेंट तैनात थीं। बतौर पुलिस अधीक्षक जिले का उन्हें पहली बार दायित्व मिला है। इससे पहले वह हमीरपुर जिले में एसएचओ के पद पर सेवाएं दे चुकी हैं।
पदभार संभालने के बाद बुधवार को पत्रकारों से रूबरू होकर आईपीएस अधिकारी आकृति शर्मा ने अपनी प्राथमिकताएं भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि वह महिला सशक्तीकरण के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करेंगी तथा लोगों के मन में पुलिस की एक बेहतर छवि बनाने का भी उनका प्रयास रहेगा। यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है और तत्परता से इस जिम्मेदारी को निभाएंगी। इससे पूर्व हमीरपुर पहुंचने पर पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।