हनोह गांव में पानी के पाइप में फंसा सांप।
- फोटो : Hamirpur-HP
जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज में जलशक्ति विभाग की पेयजल पाइप से मरा हुआ सांप निकला है। इससे हनोह गांव के ग्रामीण घबराए हुए हैं। हनोह गांव में पिछले आठ, दस दिनों से पानी नहीं आ रहा था। जबकि अन्य गांवों में पानी सुचारु रूप से आ रहा था। तब ग्रामीणों ने पानी की पाइप को खुलवाया तो इसमें मरा हुआ सांप मिला है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को दी।
सूचना मिलने के बाद विभाग के अधिकारियों ने मौके पर जांच की और तुरंत पानी के टैंक की सफाई करवाई व दवाई डालकर क्लोरीनेशन करवाकर पानी की पाइपों को भी साफ करवाया गया। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि जब यह सांप पाइप के भीतर फंसा तो कई दिनों तक लोगों को दूषित पानी की आपूर्ति भी हुई होगी। कुछ वर्ष पूर्व राजधानी शिमला में भी दूषित पानी के कारण डायरिया और पीलिया फैला था। जिसके चलते जलशक्ति विभाग के कुछ अधिकारियों पर कार्रवाई भी हुई थी। इसके बावजूद विभाग पेयजल स्रोतों को दूषित होने से नहीं बचा पा रहा।
बीते माह ही हमीरपुर के लंबलू में भी जलशक्ति विभाग की पेयजल स्कीम के निकट नाले में एक मेडिकल स्टोर संचालक ने एक्सपायरी दवाइयां फेंक दी थीं। जिसके बाद दवा नियंत्रक विभाग ने संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक का लाइसेंस भी सस्पेंड किया, लेकिन जलशक्ति विभाग ने उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की, न तो पुलिस में मामला दर्ज करवाया और न ही इस मामले की शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों को दी। जलशक्ति विभाग की कारगुजारी पर लोगों ने रोष जताया है।
भोरंज जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता ओपी भारद्वाज ने कहा कि पानी के पाइप में मरा हुआ सांप मिलने की जानकारी मिली है। वैसे तो सांप के टैंक में घुसने के बहुत कम चांस होते हैं फिर भी पता लगा रहे हैं कि सांप कहां से पाइप के अंदर घुसा है। टैंक की क्लोरीनेशन करवाकर साफ करवा दिया है। विशेषज्ञों से बात की गई है। कोई खतरे वाली बात नहीं है। फिर भी पूरी जांच की जा रही है।