डिग्री कॉलेज हमीरपुर में वीरवार शाम एसएफआई कार्यकर्ताओं ने एबीवीपी कार्यकर्ता को लहूलुहान कर दिया। घायल कार्यकर्ता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एबीवीपी कार्यकर्ता विशाल कुमार का आरोप है कि वह वीरवार को बीबीए की अनुपूरक परीक्षा देने कॉलेज आया था। परीक्षा देने के बाद विशाल कॉलेज कैंपस से बाहर निकल रहा था। इस दौरान एसएफआई कार्यकर्ताओं ने विशाल को कॉलेज कैंटीन के गेट पर रोक लिया।
विशाल का आरोप है कि एक एसएफआई कार्यकर्ता ने विशाल के सिर पर किसी हथियार से हमला कर दिया। इससे विशाल लहूलुहान हो गया। इसके बाद तीन-चार अन्य कार्यकर्ताओं ने भी लात-मुक्कों से विशाल को पीट दिया।
कॉलेज छात्रों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही एसएफआई कार्यकर्ता मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल की शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल का क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में मेडिकल करवाया।
थाना प्रभारी कुलदीप कुमार का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।