उपमंडल बड़सर में अखबार के पैसे मांगने पर एक सरकारी वकील ने अपने घर पर अखबार विक्रेता की पिटाई कर दी।गुस्साए वकील ने बाद में दुकान पर पहुंचकर अखबार विक्रेता का काउंटर तोड़ा और दुकान में घुस कर तोड़फोड़ की।
आरोपी ने दुकान पर मौजूद पीड़ित की पत्नी से भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। सरकारी वकील की दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है। दुकानदार की शिकायत के बावजूद दोपहर तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया।
इस पर स्थानीय दुकानदार इकट्ठे होकर पुलिस थाना में पहुंचे और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। सरकारी वकील के खिलाफ केस दर्ज करने में पुलिस आनाकानी कर रही थी। आखिरकार लोगों के विरोध और घटना के साक्ष्यों के चलते पुलिस ने वकील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आज्ञा राम पुत्र माधो राम निवासी जब्बल खैरियां बड़सर चौक में चाय और मनियारी की दुकान करता है। साथ ही सुबह के समय अखबार बेचने का काम करता है। आज्ञा राम वीरवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे सब जज कोर्ट बड़सर में तैनात एडीए प्रवीण ठाकुर के आवास पर अखबार देने गया। आज्ञा राम ने वकील से अखबार के पैसे मांगे।
इस पर वकील भड़क गया और उसके साथ गाली-गलौच और मारपीट की। आज्ञा राम अपनी दुकान पर आ गया। सरकारी वकील भी हाथ में लोहे की राड लेकर दुकान पर पहुंच गया और दुकान में तोड़फोड़ की।
सरकारी वकील ने आज्ञा राम की पत्नी उर्मिला देवी के साथ भी गाली-गलौच और धक्का-मुक्की की। सरकारी वकील की इस घटना को किसी ने रिकार्ड कर लिया और सोशल मीडिया में डाल दिया। आज्ञा राम के मुताबिक सरकारी वकील नशे में धुत गाली-गलौच कर रहा था। घटना के बाद दुकानदार भी पुलिस थाना पहुंच गए।
दुकानदारों ने मांग की है कि ऐसे व्यवहार करने वाले वकील के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस ने सरकारी वकील का मेडिकल करवाकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अजय सिंह बौद्ध ने बताया कि पुलिस ने सरकारी वकील प्रवीण ठाकुर का मेडिकल करवाकर मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि आरोपी व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस ने छानबीन कर रही है।