अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर में एटीएम कार्ड बदल कर शातिर ने एक स्कूल अध्यापक की पत्नी को 87 हजार रुपये का चूना लगा दिया। मोबाइल पर पैसे निकलने का मैसेज आने के बाद स्कूल अध्यापक के होश उड़ गए। पीड़ित ने शनिवार सुबह पुलिस थाना हमीरपुर पहुंच कर मामले की शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़ित की पहचान हमीरपुर के गांव खग्गल निवासी राजेंद्र कुमार के रूप में हुई है।
राजेंद्र कुमार जिले के एक स्कूल में अध्यापक है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उनकी पत्नी को हमीरपुर शहर में कुछ खरीदारी करनी थी। इसके चलते वह स्कूल में थे और उन्होंने अपना एटीएम कार्ड अपनी धर्मपत्नी को दे दिया। पत्नी ने शुक्रवार दोपहर सवा एक बजे हमीरपुर शहर के नादौन चौक पर स्थित यूको बैंक के एटीएम से दस हजार रुपये निकाले। इस दौरान एटीएम के समीप खड़े एक व्यक्ति ने महिला से कहा कि वह एटीएम में गलत तरीके से कार्ड डाल रही हैं। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने महिला के हाथ से कार्ड लेकर एटीएम मशीन में डाला और महिला को एटीएम पिन डालने के लिए कहा। महिला जब एटीएम मशीन में अपना पिन नंबर डाल रही थीं तो इतने में शातिर ने कार्ड बदल दिया और महिला को नकली एटीएम कार्ड सौंप दिया। इसके बाद आरोपी व्यक्ति मौके से फरार हो गया। राजेंद्र कुमार ने बताया कि रात को उनके खाते से पहले 30 हजार रुपये और उसके बाद 40 हजार रुपये तथा शनिवार सुबह 17 हजार रुपये निकालने का मोबाइल पर मैसेज आया। जब बैंक से स्टेटमेंट निकाली तो पता चला कि सभी तीनों ट्रांसजेक्शन चंडीगढ़ में हुई हैं। इससे पहले गत दिवस जाहू में एक व्यक्ति के खाते से 1 लाख 26 हजार और उससे पहले हमीरपुर में एक व्यक्ति के खाते से 39 हजार रुपये निकाले गए थे। उधर, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर रमन कुमार मीणा ने कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।