नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के तहत शुक्रवार को एक बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत हो गई। धनेटा संपर्क मार्ग पर मानपुल के पास चौकी गांव में स्कूल बस की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हुआ। बाइक के पीछे बैठे व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की तफ्तीश शुरू कर दी है।
बाइक चालक जगदेव चंद निवासी जड़ौत भदरोल पंचायत ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि वह मानपुल से अपने घर की ओर जा रहा था। इस दौरान भदरोल पंचायत के वार्ड पंच कमलेश कुमार ने उसे भी साथ ले चलने को कहा। जगदेव ने बताया कि जैसे ही वह मानपुल से थोड़ा आगे पहुंचे तो सामने से आ रही निजी स्कूल बस की चपेट में आने से वह बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और नाली की ओर गिर गया। जबकि बाइक में पीछे बैठा कमलेश बस की ओर गिरा। जिसके कारण कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस के चालक सतीश कुमार ने बताया कि स्कूल के बच्चे लेकर जब वह उक्त स्थल पर पहुंचा तो सामने से तेज गति में आ रहे बाइक सवार ने नियंत्रण खो दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि बस को जब्त करके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। जबकि मामला दर्ज करके आगे छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।