हमीरपुर। सेना के कैप्टन पर दुष्कर्म के आरोप मामले में पुलिस ने पीड़ित लड़की का लैपटॉप जब्त कर लिया है। पुलिस ने लैपटॉप के जरिये फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों के बीच हुई बातचीत की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी कैप्टन की रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर को भी पत्र जारी कर दिया है। इस पत्र के माध्यम से पुलिस ने सेना के रेजिमेंट प्रमुख से आरोपी अधिकारी को पुलिस के हवाले करने की मांग की है।
महिला पुलिस थाना हमीरपुर में जिला हमीरपुर की रहने वाली एक इंजीनियरिंग की छात्रा ने भारतीय सेना में कैप्टन पर दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया है। आरोपी सेना अधिकारी उपमंडल बड़सर का रहने वाला है। शिकायत के बाद पुलिस ने पीड़ित छात्रा का आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल हमीरपुर में विशेषज्ञों के माध्यम से मेडिकल भी करवा लिया है। पुलिस ने मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई करते हुए लड़की का लैपटॉप जब्त कर छानबीन में जुट गई है। वहीं उक्त कैप्टन के सीओ को भी पत्र लिख दिया गया है। महिला थाना प्रभारी रीता शर्मा का कहना है कि पुलिस ने लड़की का लैपटॉप जब्त कर लिया है। जबकि कैप्टन के सीओ को भी पत्र लिख दिया गया है।