अमर उजाला ब्यूरो
रंगस (हमीरपुर)।
नादौन के जोलसप्पड़ में सोमवार रात दो कारों के लॉक तोड़ कर म्यूजिक सिस्टम और पैन ड्राइव चुरा लिए गए हैं। हजारों के सामान पर चोरों ने रात्रि करीब 12 बजे हाथ साफ किया। जोगिंद्र सिंह पुत्र ख्याली राम ने बताया कि सोमवार रात्रि वह घर में सोया हुआ था तो बाहर कुछ आवाजें हो रही थीं।
जब वह घर से बाहर निकला तो शातिर घर के बाहर खड़ी डॉ. पंकज राणा और अजीत सिंह की गाड़ियों से चोरी कर रहे थे। इतने में उसने शोर मचाया और चोर सामान लेकर फरार हो गए। कहा कि गाड़ी के मालिकों को उठाया।
जब मालिक घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि दोनों गाड़ियों के लॉक टूटे हुए थे। उनमें से म्यूजिक सिस्टम और पैन ड्राइव गायब थे। जोगिंद्र सिंह का कहना है कि घटना के ढाई घंटे बाद भी एक गाड़ी घटनास्थल पर रुकी। उस गाड़ी से भी चार-पांच लोग उतरे। इतने में उसके खांसने की आवाज सुनकर वे दोबारा गाड़ी में बैठकर नादौन की ओर चले गए। अजीत सिंह ने मंगलवार सुबह पुलिस थाना नादौन में चोरी की शिकायत की। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल नादौन थाना कमलदीप का कहना है कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। कारों के लॉक टूटे हुए थे और उनमें से म्यूजिक सिस्टम गायब थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
....
उपमंडल में बीते एक हफ्ते में तीन चोरियों से दहशत
उपमंडल नादौन में बीते एक हफ्ते में तीन चोरियों से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्राम पंचायत नौहंगी में 28 नवंबर को शादी समारोह से छह चरोटियां चोरी हो गईं। इन चरोटियों की कीमत सवा लाख के करीब बताई जा रही है।
इसके दो दिन बाद इसी पंचायत में एक आईस फैक्टरी से 20 हाउस पावर की दो मोटरें चोरी हो गईं। इन मोटरों की कीमत भी लाखों में थीं। इन दोनों चोरियों से कुछ दिन पहले ग्राम पंचायत चिलियां में एक घर से गहने और नकदी चोरी हुई। इन तीनों मामलों में पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है।
000