बिलासपुर। बिलासपुर के बीच बाजार स्थित चंपा पार्क के पास एक निजी बस के खुले दरवाजे से एक कार क्षतिग्रस्त हुई है। हादसे में किसी को चोटें नहीं आई है। लेकिन हादसे के बाद चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर जाम लग गया। इससे कुछ समय के लिए वाहनों के पहिये थम गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।
जानकारी के अनुसार एक निजी बस बिलासपुर बस अड्डा की ओर जा रही थी। लेकिन जैसे ही वह चंपा पार्क के पास पहुंची तो अचानक ही चालक की तरफ का दरवाजा खुल गया। इससे पीछे से पास ले रही एक कार दरवाजे से टकरा गई। इससे हाईवेे के दोनों ओर जाम लग गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। इस संदर्भ में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि बिलासपुर बस अड्डा से लेकर कॉलेज चौक पर निजी बस के परिचालक दरवाजों को खुला छोड़ देते हैं। कई बार राह चलते लोग भी हादसों का शिकार हो जाते हैं। कई बार पुलिस व प्रशासन से भी लोगों ने शिकायतें की। लेकिन आज दिन तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
एसपी बिलासपुर अंजुम आरा का कहना है कि यातायात पुलिस को निर्देश दिए जाएंगे कि ऐसी बसों का चालान काटे जो दरवाजे खुला छोड़कर चलते हैं। पुलिस ऐसे लापरवाह चालकों पर भी शिकंजा कसेगी।