भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरेड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की शिलान्यास पट्टिका तोड़ने के विरोध में सोमवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्कूल गेट पर धरना प्रदर्शन किया।
इस मौके पर सरकार, लोक निर्माण विभाग और स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। वहीं मौके पर उपमंडलाधिकारी, पुलिस, लोक निर्माण विभाग के अधिकरी भी पहुंचे। इस मौके पर अधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं के साथ वार्ता की। वार्ता में यह निर्णय हुआ कि सात दिनों के भीतर पूर्व मुख्यमंत्री की शिलान्यास पट्टिका दोबारा वहां लगाई जाएगी। शिलान्यास पट्टिका को तोड़ने की जांच पुलिस करेगी। वहीं कांग्रेस ने सात दिन के भीतर पट्टिका नहीं लगी तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज कर देगी।
सोमवार को भोरंज विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सुबह दस बजे स्कूल गेट के बाहर एकत्रित हुए और स्कूल का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर सरकार, भोरंज विधायक कमलेश कुमारी, लोक निर्माण विभाग और स्कूल प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की गई। कोई अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए मौके पर पुलिस बल भी भारी संख्या में तैनात रहा। इसके बाद स्कूल प्रधानाचार्य के कार्यालय में प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच करीब एक घंटा बैठक चली। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की शिलान्यास पट्टिका को तोड़ने का कड़ा विरोध किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम राकेश शर्मा, डीएसपी शेर सिंह ने बैठक में कांग्रेस नेताओं से बातचीत की। इस दौरान दोनों पक्षों में परस्पर कई बार नोकझोंक भी हुई।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता अरविंद लखनपाल, सहायक अभियंता अनिल कुमार, भोरंज थाना प्रभारी सूरम सिंह उपस्थित रहे। बैठक में यह तय हुआ कि कि पुलिस विभाग शिलान्यास पट्टिका की तोड़ने की जांच करेगा और लोक निर्माण विभाग दोबारा शिलान्यास पट्टिका को लगाएगा।
इस संबंध में भोरंज एसडीएम राकेश शर्मा का कहना है कि लोक निर्माण विभाग को कहा गया है कि प्रोटोकॉल के तहत शिलान्यास पट्टिका को हटाने और लगाने के बारे में निर्णय लें। वहीं पुलिस विभाग पट्टिका को तोड़ने की जांच कर रहा है।
ये रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश कुमार, सचिव बलविंद्र बबलू, पूर्व प्रत्याशी डॉ. रमेश डोगरा, प्रोमिला देवी, जिला उपाध्यक्ष रोशन लाल शर्मा, भोरंज ब्लॉक अध्यक्ष विजय बन्याल, जिला महामंत्री अंकुश सैनी, दीप चंद, प्रकाश चौधरी, राकेश गोल्डी, विनोद रांगड़ा, प्रवेश ठाकुर, आशीष, सुरेंद्र, पूर्व जिला परिषद सदस्य संगीता शर्मा और अन्य उपस्थित रहे।