सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर की टीम ने सोमवार को ऐतिहासिक चौगान में चल रहे राष्ट्र स्तरीय होली मेले में दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण टीम की अगुवाई में कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने दुकानदारों को गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग कूड़ेदान में रखने के निर्देश दिए। वहीं, प्लास्टिक लिफाफों का प्रयोग न करने की भी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि निर्धारित नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनके चालान काटे जाएंगे जिससे सफाई व्यवस्था बनी रहे।
सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान में राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के चलते अलग-अलग व्यवसाय की दुकानें सजी हुई हैं। मेले में खानपान आदि की दुकानों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए हैं लेकिन दुकानदारों की ओर से सूखा व गीला कूड़ा अलग-अलग कूड़ेदान में न रखने के कारण सफाई व्यवस्था में दिक्कत आ रही है। इसके चलते मेले में महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में सफार्ई व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए नगर परिषद सुजानपुर की टीम ने मेले में निरीक्षण किया। इस संबंध में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि मेले में सफाई व्यवस्था सुचारु ढंग से बनी रहे, इसके लिए प्रत्येक दुकानदार को अलग-अलग कूड़ा एकत्रित करने के निर्देश दिए हैं। सभी दुकानों में प्लास्टिक का उपयोग न हो, इसकी भी हिदायत दी गई है। नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों का चालान काटा जाएगा।