कल्याण बोर्ड कार्यालय दोसड़का के बाहर प्रदर्शन करते सीटू कार्यकर्ता।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। सीटू जिला इकाई ने कल्याण बोर्ड कार्यालय दोसड़का के बाहर निर्माण मजदूरों की मांगों और कल्याण बोर्ड की लचर कार्यप्रणाली के विरोध में लगातार तीसरे दिन भी प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों कामगारों व मजदूरों ने हिस्सा लिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सीटू जिला संयुक्त सचिव सुरेश राठौर ने कहा कि पिछले कुछ समय से कल्याण बोर्ड में हजारों मजदूरों का पंजीकरण नहीं हो रहा है और न ही पंजीकरण कापियां मजदूरों को दी जा रही हैं।
पिछले दो सालों से मजदूरों को मिलने वाले वजीफे के लाभ नहीं मिल पा रहे हैं। कल्याण बोर्ड के अंदर फैला भ्रष्टाचार और राजनीतिक संरक्षण मजदूरों को उनके लाभों से वंचित रख रहा है। जिसके चलते जिले के कल्याण बोर्ड में पंजीकृत मजदूरों में भारी रोष है। कल्याण बोर्ड के बाहर सीटू के बैनर तले यह मजदूर 30 अक्तूबर तक प्रदर्शन करेंगे।
इन मजदूरों की मुख्य मांगों में निर्माण मजदूरों का पंजीकरण सरल किया जाए, मजदूरों को फार्म भरने के बाद तुरंत लाभ जारी किए जाएं, कल्याण बोर्ड की तरफ से मिलने वाले सामान को मौजूदा सरकार ने बंद कर दिया है, उसे बाहर किया जाए, कल्याण बोर्ड के अंदर जारी भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद को खत्म किया जाए और राजनीतिक संगठन के आधार पर मजदूरों का पंजीकरण बंद किया जाए और मजदूरों को तय समय पर सारी सुविधाएं मिलें।