मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में मनाया क्लब फुट दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में वीरवार को क्लब फुट दिवस मनाया गया। अनुष्का फाउंडेशन फॉर एलिमिनेटिंग क्लब फुट की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान हड्डी रोग विभाग के एचओडी डॉ. संजय ठाकुर, प्राचार्य डॉ. रमेश भारती, डीईआई डॉ. अमित विशेष रूप से उपस्थित रहे। हड्डी रोग विभाग के एचओडी डॉ. संजय ठाकुर ने कहा कि डॉ. इग्नासियो पॉसेटी के सम्मान में प्रतिवर्ष यह विशेष दिवस मनाया जाता है।
यह विशेष दिन क्लब फुट के बारे में जागरूकता बढ़ाने और पोंसेटी पद्धति के माध्यम से शुरुआती हस्तक्षेप और उपचार के महत्व पर प्रकाश डालने के लिए समर्पित है। मेडिकल कॉलेज में हर वीरवार को क्लब फुट क्लीनिक लगाया जाता है। इसमें जिन बच्चों के पैर जन्म या बाद में टेढ़े हो जाते हैं, उनका इलाज किया जाता है। वर्तमान में ऐसे 60 बच्चों का उपचार चल रहा है और कोई ऐसा बच्चा जो इस बीमारी से पीड़ित है, उसके परिजन उसका हर वीरवार को ऑर्थो ओपीडी में आकर उपचार करवा सकते हैं।