हमीरपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर के खेल मैदान में मारपीट का वीडियो सामने आया है। यहां एक युवक को चार से पांच युवक बुरी तरह पीट रहे हैं। मैदान में गिरने के बाद भी आरोपी उसे लातों से पीटते रहते हैं।
काफी देर तक मारपीट करने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो जाते हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन और पुलिस ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर कर दी है। इधर, रावमापा बाल की प्रधानाचार्य नीना ठाकुर ने कहा कि स्कूल मैदान में खेलने के लिए आसपास के क्षेत्र के युवक घुस आते हैं। मारपीट करने वाले युवक कौन हैं, इसका पता लगाया जा रहा है।
उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले युवकों की पहचान कर रही है, लेकिन अभी तक पीड़ित युवक ने पुलिस में शिकायत दी है या नहीं यह पता किया जा रहा है। पुलिस मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाएगी।