पार्किंग की सुविधा न होने से होती है खासी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर में आज तक कहीं भी बस अड्डे का निर्माण नहीं हो पाया। इसके लिए कई बार सर्वेक्षण हुआ लेकिन योजना सिरे नहीं चढ़ी। उपमंडल स्तर पर कहीं पर भी बस अड्डा नहीं है। इससे मैहरे, सलौणी, बिझड़ी, गारली व धार्मिक नगरी दियोटसिद्ध में सड़क किनारे वाहन खड़े रहते हैं। राहगीरों को खासी परेशानियों से जूझना पड़ता है। बड़सर के नेताओं ने जाम से होने वाली समस्या को कभी गंभीरता से लिया ही नहीं। सत्ता में सरकार चाहे किसी भी पार्टी की क्यों न रही हो लेकिन कोई भी नेता आज दिन तक बड़सर को न तो बस अड्डा और न ही पार्किंग की व्यवस्था कर पाया। सड़क किनारे खड़े वाहन पुलिस विभाग के लिए भी सिरदर्द बनते हैं।
हालांकि, स्थिति से निपटने के लिए पुलिस जवान इन मुख्य कस्बों ने निरंतर ड्यूटी पर तैनात होते हैं। फिर भी समस्या आम बात होती जा रही है। लोगों की मांगों को लेकर कई बार नेता आश्वासन देकर वोट की राजनीति कर चुके हैं लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता के हाथ मायूसी ही लगती है। इस बारे में बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि बड़सर क्षेत्र का विकास प्राथमिकता है। कस्बों में पार्किंग बनाना भी विकास का एक हिस्सा है लेकिन बाजारों व कस्बों में पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध न होने के कारण अभी तक पार्किंग का निर्माण नहीं हो पाया है। वहीं, डीएसपी बड़सर सचिन हीरेमठ ने कहा कि बड़सर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुख्य कस्बों में यातायात की बहाली के लिए पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।