बड़सर (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत मसलाणा कलां गांव में लावारिस बैल से टकराकर एक बाइक सवार की मौत हो गई है। बैल से टकराने के बाद बाइक सवार पुल से नीचे गिर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। मंगलवार रात को देशराज (45) बाइक पर सवार होकर शाहतलाई से हरसौर जा रहा था। घर से कुछ ही मीटर दूरी पहले पुल पर लावारिस बैल बाइक के आगे आ गया। बैल से टकराने के बाद बाइक सवार पुल से नीचे गिर गया। उसे गंभीर चोटें लग गईं। इससे उसकी मौत हो गई।
वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा है। कार्यकारी थाना प्रभारी सुखदेव ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे की जांच की जा रही है।