हमीरपुर। शिक्षा खंड बिझड़ी के तहत शुक्रवार को सामुदायिक सहभागिता और पाठशाला प्रबंधन की भूमिका पर एक दिवसीय कार्यशाला राजकीय केंद्रीय प्राथमिक स्कूल बड़सर में आयोजित की गई। कार्यशाला में बिझड़ी शिक्षा खंड के 105 स्कूलों के एसएससी सदस्यों, स्कूल प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक संजय ठाकुर, जिला परियोजना अधिकारी धर्मपाल चौधरी, समन्वयक सुनील कुमार, बीआरसीसी लेखराज, बीईईओ ओम प्रकाश ने की।
इस दौरान शिक्षा व्यवस्था में सामाजिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। शिक्षा में सामाजिक सहभागिता की आवश्यकता, शिक्षा के प्रति सामाजिक दायित्व की भावना और सामाजिक जुड़ाव की आवश्यकता पर पाठशाला प्रबंधन समिति व समुदाय के सदस्यों को जागरूक किया गया। वहीं समन्वयक सुनील कुमार ने बताया कि इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली एसएमसी कमेटियों को सम्मानित किया गया। शिक्षा खंड बिझड़ी में प्रथम स्थान पर बाल स्कूल भोटा स्कूल की एसएमसी, दूसरे स्थान पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला बड़ा ग्रां, तीसरे स्थान पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला दांदडू स्कूल की एसएमसी रही। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली एसएमसी को तीन हजार , दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली एसएमसी को दो हजार और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली एसएससी को एक हजार रुपये व स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया गया।