चौरी स्कूल की छात्रा द्वि आयामी दृश्य कला के तहत पेंटिंग करती हुई।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौरी की दीपिका ठाकुर और साहिल राणा ने 20 से 21 दिसंबर तक राज्यस्तरीय कला उत्सव में द्वि-आयामी दृश्य कला में अपने-अपने वर्ग में द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया है। यह राज्यस्तरीय कार्यक्रम जिला मंडी में आयोजित किया गया।
प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने बच्चों का स्वागत करते हुए कहा कि स्कूल प्रशासन बच्चों की प्रतिभा को निखारने में अग्रणी भूमिका अदा कर रहा है और बच्चे भी उनको मिले मौकों का भरपूर उपयोग कर रहे हैं। कला उत्सव का मुख्य उद्देश्य है कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा की पहचान की जाए, उसे पोषित, प्रस्तुत और शिक्षा में कला को बढ़ावा दिया जाए। स्कूलों में कलाओं के उत्सव की यह पहल प्रत्येक वर्ष आयोजित हो रही है और इसकी संरचनात्मक प्रक्रिया, विद्यार्थियों को भारत की जीवंत पारंपरिक एवं विभिन्न कलाओं के समझने, अनुसंधान एवं प्रस्तुतीकरण करने में सहायक सिद्ध हो रही है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय दोनों बच्चों की अथक मेहनत, उनके माता-पिता के सहयोग और उनके मार्गदर्शक अध्यापकों को दिया।