49 infected including four girl students of Garli School, six staff members
हमीरपुर। उपमंडल बड़सर की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गारली की चार छात्राओं और छह स्टाफ सदस्यों समेत जिले में शुक्रवार को 49 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से रैपिड एंटीजन टेस्ट में 26, जबकि आरटीपीसीआर में 23 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। आरटीपीसीआर जांच में ही गारली स्कूल की 14 वर्षीय चार छात्राओं और छह स्टाफ सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि शुक्रवार को जिले में रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए कुल 471 सैंपल लिए गए। जिनमें से 26 पॉजिटिव निकले। इन 26 संक्रमितों में भोरंज आईटीआई के दो प्रशिक्षु भी शामिल हैं। स्कूल खुलने के बाद जिले में पहली बार एक साथ एक स्कूल के दस मामले पॉजिटिव आए हैं। फिलहाल विभाग ने स्कूल को दो दिन के लिए बंद कर दिया है। स्कूल स्टाफ सहित संपर्क में आए अन्य बच्चों की सैंपलिंग की जाएगी।
उधर, जिले में कुल मामले 16391 हो गए हैं। इनमें से एक्टिव केस 390 हैं। जबकि 15725 ने कोरोना को मात दी है। वहीं, 275 लोग कोरोना से जंग हार चुके हैं। उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा दिलबरजीत चंद्र ने कहा कि स्कूल को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। संपर्क में आए बच्चों और स्टाफ की सैंपलिंग करवाई जाएगी।