हमीरपुर। जिलास्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन में 47 विद्यार्थियों का चयन राज्यस्तर पर होने वाले बाल विज्ञान सम्मेलन के लिए किया गया है। यह 47 विद्यार्थी राज्य स्तर पर जिला हमीरपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिलास्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन आठ से 10 दिसंबर तक चला। जिलास्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन में 410 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। जिसमें पांच तरह की गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसमें राज्यस्तरीय बाल विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 10, एक्टिविटी कॉर्नर में 15, मैथ ओलंपियाड में तीन, साइंस मॉडल में तीन, साइंस सर्वे में 16 बच्चों का चयन किया गया है। वहीं, इसी माह के अंत तक राज्यस्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन का आयोजन होना है।
इसके लिए जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थी खूब मेहनत कर रहे हैं। विभिन्न स्कूलों के विज्ञान विषय के अध्यापक चयनित बच्चों को प्रेेरित कर रहे हैं, ताकि वह अपना बेहतरीन प्रदर्शन दे सकें। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक सुधीर चंदेल ने कहा कि जिलास्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन में 47 बच्चों का चयन किया गया है। यह बच्चे राज्यस्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। अभी तक राज्यस्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन की तिथि निर्धारित नहीं हुई है, लेकिन विभाग इसके लिए तैयारियां कर रहा है और इसी माह के अंत तक प्रतियोगिता होने के आसार हैं।