3.86 grams of chitta recovered from the youth in Pakka Bharo
हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत पुलिस ने पक्का भरो में एक युवक से 3.86 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
वीरवार रात को सदर थाना की एक टीम पक्का भरो में गश्त पर थी। इस दौरान एक युवक पैदल वहां से गुजर रहा था जो पुलिस की टीम को देखकर घबराया। पुलिस टीम ने जब युवक को रोका और उसकी तलाशी ली तो उससे 3.86 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। युवक की पहचान अक्षित ठाकुर निवासी झलवाणी डाकघर नरेली तहसील व जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। युवक 18 साल का है और बेरोजगार है। थाना प्रभारी सदर निर्मल सिंह का कहना है कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
भगोड़ा नाइजीरियन भी कोर्ट में किया पेश
हमीरपुर। पुलिस थाना हमीरपुर के तहत एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में भगोड़े नाइजीरियन को शुक्रवार को हमीरपुर न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी की पहचान चुक्स कोलिन निवासी नाइजीरिया के रूप में हुई है। हमीरपुर पुलिस ने चिट्टे के मामले में इसे कुछ साल पहले गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, लेकिन कुछ समय के बाद वह जमानत पर बाहर निकला और वापस नहीं आया। जिसके चलते हमीरपुर न्यायालय ने प्रोटेक्शन वारंट जारी किए थे।
हमीरपुर पुलिस ने चंडीगढ़ में बताए पते पर जब पूछताछ की तो पता चला कि वह चंडीगढ़ में भी एक अन्य मामले में नामजद है। जिसके चलते हमीरपुर न्यायालय ने चंडीगढ़ पुलिस को आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए कहा था। आरोपी को हमीरपुर न्यायालय में पेश करने के बाद वापस बुडैल जेल भेज दिया गया।