शहर से लेकर वार्डों में तीन बार कूड़ा उठाने के लिए घूमेगी गाड़ी
वार्ड नंबर एक और 11 में दो-दो जबकि अन्य वार्डों में लगेगी एक-एक गाड़ी
125 सफाई कर्मचारी करेंगे शहर और वार्डों में सफाई और कूड़ा उठाने का कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के 11 वार्डों में सफाई का जिम्मा 14 गाड़ियों पर रहेगा। 11 वार्डों से लेकर शहर तक साफ सफाई रखने के लिए नगर परिषद हमीरपुर की ओर कूड़ा उठाने के लिए नए लुक की गाड़ियां लाई गई हैं। नई गाड़ियों में गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने की सुविधा होगी। इससे सफाई कर्मचारियों को कचरा उठाने और उसे अलग करने का कार्य नहीं करना पड़ेगा। नगर परिषद हमीरपुर की ओर से 11 वार्डों में से वार्ड नंबर एक और 11 में दो-दो जबकि नौ वार्डों में कचरा उठाने के लिए एक-एक गाड़ी लगाई गई है।
मार्च में नगर परिषद हमीरपुर की ओर से 11 वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर 125 सफाई कर्मचारी सीएलसी कंपनी के माध्यम से रखे गए थे। वहीं, नई कंपनी को सफाई का ठेका प्रदान किया गया है। ऐसे में अब कंपनी की ओर से नई गाड़ियों को रखा गया है। पूर्व में पुरानी गाड़ियों में सफाई कर्मचारियों को बोरी या प्लास्टिक के लिफाफों में कचरा भरना पड़ता था और उसे अलग-अलग करने का कार्य करना पड़ता था। इससे 11 वार्डों का कचरा एकत्रित करने में उन्हें खासी दिक्कत होती थी। अब कर्मचारियों की समस्या का समाधान करते हुए नई गाड़ियों को लाया गया है। इसमें गीला और सूखा कचरा अलग रखने की व्यवस्था होगी। सफाई कर्मचारी गाड़ियों में कचरा भरकर सीधा ट्रीटमेंट प्लांट में रख सकेंगे। शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय में गाड़ियों के पहुंचने के बाद अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने इनका निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि वार्डों में साफ सफाई को लेकर कार्य किया जा रहा है। गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करने में सफाई कर्मचारियों को खासी दिक्कत होती थी। ऐसे में अब गाड़ियों में ही कचरे को अलग करने की सुविधा होगी। उन्होंने लोगों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने का आग्रह किया है।