हमीरपुर। प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर में जेबीटी शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस कड़ी में शिक्षा उपनिदेशालय ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से अपने-अपने ब्लॉक के पदोन्नति के लिए योग्य जेबीटी शिक्षकों की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से 128 जेबीटी शिक्षकों को सेंटर हेड टीचर बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया है।
जिले में जो शिक्षक वरिष्ठता सूची में शामिल हैं और एसीआर रिपोर्ट अच्छी है, उन्हें पदोन्नति में प्राथमिकता मिलेगी। जेबीटी शिक्षकों की पदोन्नति का मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के चलते लटका हुआ था। अब न्यायालय से हरी झंडी मिलने के बाद जेबीटी शिक्षकों की पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया है। जिसके चलते प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से 18 दिसंबर तक पात्र जेबीटी शिक्षकों की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
उधर, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर संजय कुमार ठाकुर ने बताया कि जिले में 128 जेबीटी शिक्षकों को सीएचटी के पदों पर पदोन्नत किया जाएगा। इसके लिए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों से 18 दिसंबर तक रिपोर्ट मांगी गई है।